बांदा। फतेहपुर में आयोजित द्वितीय ताइक्वांडो कप स्टेट चैंपियनशिप-2026 में बांदा के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जिले का नाम रोशन किया। 21 और 22 नवंबर को डॉ. वीरेंद्र स्वरूप स्कूल, फतेहपुर में आयोजित राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में बांदा के विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण, रजत और कांस्य पदक हासिल किए। प्रतियोगिता में सेंट मैरी सीनियर सेकेंडरी स्कूल, सेंट जेवियर स्कूल और सेंट जॉर्ज स्कूल के खिलाड़ियों ने शानदार खेल दिखाया। खिलाड़ियों की इस उपलब्धि से विद्यालयों में खुशी का माहौल है।
सेंट मैरी स्कूल के खिलाड़ियों ने जीते तीन पदक
सेंट मैरी सीनियर सेकेंडरी स्कूल के युवराज सिंह (कक्षा 8C) ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया। वहीं रेचल कश्यप (कक्षा 11D) ने रजत पदक और कुमार काव्य (कक्षा 9D) ने कांस्य पदक जीतकर विद्यालय का गौरव बढ़ाया।
सेंट जेवियर स्कूल की छात्राओं ने जीते दो स्वर्ण
सेंट जेवियर स्कूल, बांदा की छात्राओं ने भी प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन किया। विद्यालय की आरुषि सिंह (कक्षा 4C) और सोम्या अरवंशी (कक्षा 7B) ने अपने-अपने मुकाबलों में बेहतरीन खेल का प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक हासिल किए।
सेंट जॉर्ज स्कूल के खिलाड़ियों ने भी दिखाया दमखम
सेंट जॉर्ज स्कूल, बांदा के आर्य सिंह (कक्षा 8B) ने स्वर्ण पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। वहीं खुशी (कक्षा 8B) ने रजत पदक और अधिराज शुक्ला ने कांस्य पदक हासिल कर विद्यालय का नाम रोशन किया।
राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में पदक जीतने वाले सभी खिलाड़ियों को विद्यालय परिवार और अभिभावकों ने बधाई दी। उन्होंने खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें आगे भी इसी तरह मेहनत और लगन के साथ बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रोत्साहित किया।
बांदा के इन होनहार खिलाड़ियों की उपलब्धि से जिले में खेल प्रतिभाओं को लेकर उत्साह का माहौल है।