बाराबंकी : तहसील रामनगर की एसडीएम आकांक्षा गुप्ता ने रविवार को रामनगर विधानसभा क्षेत्र-267 की विभिन्न ग्राम पंचायतों के प्राथमिक विद्यालयों का निरीक्षण कर मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य की प्रगति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने लोहटी जई स्थित प्राथमिक विद्यालय पहुंचकर बीएलओ और संबंधित कर्मचारियों से कार्य की जानकारी ली। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि गांव का कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से छूटने न पाए।

घर-घर सर्वे कर पात्र लोगों के नाम जोड़ने के निर्देश

निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने बीएलओ और कर्मचारियों को घर-घर जाकर सर्वे करने तथा मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित पात्र नागरिकों को निर्धारित फार्म उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक पात्र व्यक्ति का नाम मतदाता सूची में शामिल होना सुनिश्चित किया जाए।

कई ग्राम पंचायतों में किया निरीक्षण

एसडीएम आकांक्षा गुप्ता ने बताया कि लोहटी जई के अलावा गणेशपुर, मीतपुर, गोबरहा, मठ और लैन सहित विभिन्न ग्राम पंचायतों में भी निरीक्षण किया गया है। इस दौरान संबंधित बीएलओ, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, आशा बहुओं, कोटेदारों और ग्राम प्रधानों को मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए गए।

प्रत्येक पात्र नागरिक तक पहुंचने की जिम्मेदारी

एसडीएम ने कहा कि आशा बहू, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और कोटेदार गांव के प्रत्येक घर तक पहुंचकर परिवार के सदस्यों के नाम मतदाता सूची में जांचें। जिन पात्र नागरिकों के नाम सूची में दर्ज नहीं हैं, उनके निर्धारित फार्म भरवाकर नाम शामिल कराने की कार्रवाई सुनिश्चित करें।

उन्होंने कहा कि प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में होना जरूरी है। कोई भी व्यक्ति अपने मताधिकार से वंचित न रहे, इसके लिए सभी संबंधित कर्मचारी पूरी जिम्मेदारी और गंभीरता के साथ पुनरीक्षण कार्य पूरा करें।