बाराबंकी। ऑपरेशन कन्विक्शन के तहत प्रभावी पैरवी और गुणवत्तापूर्ण विवेचना के चलते बाराबंकी की अदालत ने नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में दोषी को 10 वर्ष के कठोर कारावास की सजा सुनाई है। साथ ही अभियुक्त पर 22 हजार रुपये का अर्थदंड भी लगाया गया है। अपर सत्र न्यायाधीश एवं विशेष न्यायाधीश पॉक्सो एक्ट कोर्ट संख्या-45 ने बुधवार को यह फैसला सुनाया। न्यायालय के इस निर्णय को महिला एवं बाल अपराधों के खिलाफ पुलिस की प्रभावी पैरवी का परिणाम माना जा रहा है।

पुलिस के मुताबिक, थाना सतरिख क्षेत्र में वर्ष 2017 में नाबालिग से दुष्कर्म का मामला सामने आया था। 8 अक्टूबर 2017 को पीड़िता के परिजन ने पुलिस को सूचना देकर आरोप लगाया था कि अरविन्द रावत पुत्र राजकुमार रावत निवासी कल्ली पश्चिम, थाना पीजीआई, जिला लखनऊ ने उनकी नाबालिग पुत्री के साथ दुष्कर्म किया है। शिकायत के आधार पर थाना सतरिख में मुकदमा अपराध संख्या 266/2017 धारा 363, 366, 376 भारतीय दंड संहिता तथा 3/4 पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।

मामले की विवेचना के दौरान तत्कालीन विवेचक ने साक्ष्यों का संकलन करते हुए वैज्ञानिक तरीके से जांच पूरी की और अभियुक्त के विरुद्ध न्यायालय में आरोप पत्र दाखिल किया। इसके बाद ऑपरेशन कन्विक्शन के तहत मॉनीटरिंग सेल और अभियोजन पक्ष ने मुकदमे की लगातार प्रभावी पैरवी की। महत्वपूर्ण गवाहों को न्यायालय में प्रस्तुत कराया गया, जिसके परिणामस्वरूप अदालत ने उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर अभियुक्त अरविन्द रावत को दोषसिद्ध करार देते हुए 10 वर्ष के कठोर कारावास और 22 हजार रुपये अर्थदंड की सजा सुनाई।

पुलिस अधीक्षक रवीना त्यागी के निर्देशन में जघन्य अपराधों में दोषियों को सजा दिलाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत इस मुकदमे को चिन्हित किया गया था। पुलिस महानिदेशक उत्तर प्रदेश के निर्देश पर महिला संबंधी एवं जघन्य सनसनीखेज अपराधों में प्रभावी पैरवी की जा रही है।

इस मामले में विशेष लोक अभियोजक लव त्रिपाठी, मॉनीटरिंग सेल प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार यादव, उपनिरीक्षक अमर बहादुर सिंह, महिला हेड कांस्टेबल प्रतिमा द्विवेदी, पूजा रानी पटेल, महिला कांस्टेबल अंशू द्विवेदी, हेड कांस्टेबल चंद्रशेखर, विजय बहादुर, कांस्टेबल बृजेश कुमार, नीरज कनौजिया, थाना सतरिख के पैरोकार कांस्टेबल विमल कुमार तथा कोर्ट मोहर्रिर कांस्टेबल अजय कुमार की महत्वपूर्ण भूमिका रही।