गोंडा। जनपद में लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं और सड़कों की बदहाल स्थिति को लेकर हाईकोर्ट लखनऊ के अधिवक्ता शुभम मणि तिवारी ने गंभीर चिंता जताई है। उन्होंने 16 नवंबर 2026 को जिलाधिकारी गोंडा से व्यक्तिगत रूप से मुलाकात कर जनहित से जुड़े इस मुद्दे पर 10 सूत्रीय ज्ञापन सौंपा और सड़क सुरक्षा के लिए तत्काल आवश्यक कदम उठाने की मांग की।
अधिवक्ता ने ज्ञापन में बताया कि जनपद की अनेक मुख्य और ग्रामीण संपर्क सड़कों पर मानक के अनुरूप सड़क की पटरी (रोड शोल्डर) नहीं है। जहां पटरियां मौजूद हैं, वहां झाड़ियां, घास-फूस और जंगल उग आए हैं। इससे सड़कों की उपयोगी चौड़ाई कम हो रही है और वाहन चालकों को सुरक्षित आवागमन में परेशानी हो रही है।
उन्होंने आरोप लगाया कि सड़कों के रखरखाव की जिम्मेदारी संभालने वाले संबंधित लोगों की लापरवाही के कारण अतिक्रमण भी बढ़ रहा है। कई मार्गों पर दो वाहनों के आमने-सामने आने पर साइड देने तक की जगह नहीं बचती। सड़क किनारे उगी घनी झाड़ियों के कारण सामने से आने वाले वाहनों की दृश्यता भी प्रभावित होती है, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ जाता है।
गन्ना पेराई सत्र शुरू होने से बढ़ सकती हैं मुश्किलें
ज्ञापन में गन्ना पेराई सत्र 2026-27 का भी उल्लेख किया गया है। अधिवक्ता ने कहा कि पेराई सत्र शुरू होने के बाद बड़ी संख्या में किसान ट्रैक्टर-ट्रॉली से गन्ना लेकर सड़कों से गुजरेंगे। ऐसे में सड़कों की कम चौड़ाई और पटरियों पर झाड़ियों की सफाई न होने से किसानों को आवागमन में परेशानी हो सकती है।
उन्होंने यह भी बताया कि खराब और संकरे रास्तों के कारण ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटने जैसी घटनाएं हो सकती हैं, जिनसे किसानों को आर्थिक नुकसान के साथ जान-माल का खतरा भी बना रहता है।
ज्ञापन में उठाईं 10 प्रमुख मांगें
अधिवक्ता शुभम मणि तिवारी ने जिलाधिकारी के सामने जनहित में निम्नलिखित मांगें रखीं—
1. जनपद की सभी मुख्य और ग्रामीण संपर्क सड़कों का स्थलीय सर्वेक्षण कराया जाए।
2. पटरी विहीन सड़कों के किनारे नियमानुसार सुरक्षित रोड शोल्डर का निर्माण कराया जाए।
3. सड़कों की पटरियों पर उगी झाड़ियों और जंगलों की विशेष अभियान चलाकर सफाई कराई जाए।
4. दुर्घटना संभावित स्थानों और ब्लैक स्पॉट को चिह्नित कर सुरक्षा के जरूरी इंतजाम किए जाएं।
5. क्षतिग्रस्त और गड्ढायुक्त सड़कों की प्राथमिकता के आधार पर मरम्मत कराई जाए।
6. खतरनाक मोड़ों और संकरे मार्गों पर चेतावनी संकेतक व रिफ्लेक्टर लगाए जाएं।
7. मुख्य चौराहों और दुर्घटना संभावित स्थानों पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
8. तेज रफ्तार, नशे में वाहन चलाने और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमित कार्रवाई हो।
9. संबंधित विभागों के अधिकारियों की जवाबदेही तय कर सड़क सुरक्षा कार्यों की नियमित समीक्षा की जाए।
10. सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए जनपद स्तर पर विशेष कार्ययोजना बनाई जाए।
अधिवक्ता ने जिलाधिकारी से इस गंभीर जनसमस्या पर तत्काल संज्ञान लेने, संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश जारी करने और सभी मांगों पर समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित कराने का अनुरोध किया है।