बांदा: बैंक खाते में जमा करने के लिए घर से 10 हजार रुपये लेकर निकली वृद्धा की नकदी रास्ते में गायब हो गई। जसपुरा स्थित इंडियन बैंक पहुंचने पर जब महिला ने अपने झोले में रुपये तलाशे तो वह खाली मिला। आशंका है कि रास्ते में किसी अज्ञात व्यक्ति ने झोले से रुपये चोरी कर लिए। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बैंक पहुंचने पर झोले में नहीं मिले रुपये
जसपुरा निवासी मैकी पत्नी हसनु ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 23 नवंबर को दोपहर करीब एक बजे वह घर से झोले में 10 हजार रुपये लेकर इंडियन बैंक में अपने खाते में जमा करने जा रही थीं।
बैंक पहुंचने पर जब उन्होंने झोले से रुपये निकालने का प्रयास किया तो उसमें नकदी नहीं मिली। काफी तलाश करने के बाद भी रुपये नहीं मिले। वृद्धा को आशंका है कि रास्ते में किसी अज्ञात व्यक्ति ने उनके झोले से नकदी पार कर दी।
मेहनत की कमाई गायब होने से परेशान वृद्धा
अपनी मेहनत और बचत से जुटाई गई रकम गायब होने के बाद वृद्धा काफी परेशान हैं। उन्होंने पुलिस से रुपये बरामद कराने और आरोपी का पता लगाने की गुहार लगाई है।
पुलिस ने दर्ज की प्राथमिकी
थाना प्रभारी निरीक्षक सीपी तिवारी ने बताया कि महिला की तहरीर के आधार पर 23 नवंबर को अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। मामले की विवेचना उपनिरीक्षक राजेश प्रसाद पांडेय को सौंपी गई है। पुलिस घटना की जांच कर रही है।