बांदा: मिशन शक्ति अभियान और ऑपरेशन कन्विक्शन के तहत बांदा पुलिस की प्रभावी पैरवी के बाद नाबालिग से दुष्कर्म के छह साल पुराने मामले में न्यायालय ने दोषी को 20 वर्ष के कारावास की सजा सुनाई है। इसके साथ ही उस पर कुल 17 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया गया है।

फरवरी 2020 में दर्ज हुआ था मुकदमा

पुलिस के अनुसार, मामला कोतवाली देहात थाना क्षेत्र के ग्राम जारी का है। 6 फरवरी 2020 को राजेश पुत्र शिवदास पर एक नाबालिग के साथ दुष्कर्म करने का आरोप लगा था। पीड़िता की ओर से मिली तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा अपराध संख्या 34/2020 दर्ज किया था।

इस मामले में भारतीय दंड संहिता की धारा 354(क), 452, 376, 323, 504 और 506 के साथ पॉक्सो एक्ट की धारा 3/4 के तहत कार्रवाई की गई थी। मामले की विवेचना तत्कालीन उपनिरीक्षक रमाकांत शुक्ला ने की थी। जांच पूरी होने के बाद आरोप पत्र न्यायालय में दाखिल किया गया।

अभियोजन की पैरवी से दोषी को सजा

मामले में विशेष लोक अभियोजक शिवपूजन सिंह ने न्यायालय में अभियोजन पक्ष की ओर से प्रभावी पैरवी की। वहीं, कोर्ट मोहर्रिर महिला आरक्षी निरंजन कुमारी और पैरोकार आरक्षी देवीदयाल ने भी आवश्यक सहयोग किया।

सुनवाई पूरी होने के बाद न्यायालय बांदा ने राजेश पुत्र शिवदास, निवासी ग्राम जारी, थाना कोतवाली देहात को दोषी करार देते हुए 20 वर्ष के कारावास और कुल 17 हजार रुपये जुर्माने की सजा सुनाई।

ऑपरेशन कन्विक्शन के तहत जारी है कार्रवाई

पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल ने बताया कि पुलिस महानिदेशक उत्तर प्रदेश के निर्देशन में ऑपरेशन कन्विक्शन चलाया जा रहा है। इसके तहत महिला एवं बाल अपराधों से जुड़े चिह्नित मामलों में तेजी से विवेचना और प्रभावी अभियोजन के जरिए दोषियों को सजा दिलाने की कार्रवाई लगातार की जा रही है।