लखीमपुर खीरी। रेलवे की प्रगति केवल पटरियों पर दौड़ती ट्रेनों से नहीं, बल्कि उन कर्मयोगियों के समर्पण से भी आकार लेती है, जिनके अथक प्रयासों से रेल सेवाओं का पहिया निरंतर गतिमान रहता है। इसी भावना को सम्मान देते हुए पूर्वोत्तर रेलवे, लखनऊ मंडल के मंडल रेल प्रबंधक गौरव अग्रवाल ने मैलानी जंक्शन पर 11 महिला रेल कर्मचारियों को उपहार प्रदान कर सम्मानित किया और उनके कार्यों का उत्साहवर्धन किया।
मंगलवार को वरिष्ठ अधिकारियों के साथ लखनऊ जंक्शन-मैलानी जंक्शन रेलखंड के निरीक्षण पर पहुंचे डीआरएम ने महिला कर्मचारियों से संवाद कर उनके कार्य अनुभव, सुविधाओं और कल्याण संबंधी विषयों की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि रेल सेवाओं में महिला कर्मचारियों का योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण है। उनके लिए सुरक्षित, सम्मानजनक और सहयोगपूर्ण कार्य वातावरण उपलब्ध कराना रेल प्रशासन की प्राथमिकता है।
निरीक्षण के दौरान डीआरएम ने सिधौली, गोला गोकर्णनाथ और मैलानी स्टेशनों पर यात्री सुविधाओं, स्वच्छता, संरक्षा एवं विकास कार्यों की प्रगति परखी। सिधौली में पार्किंग, यात्री विश्रामालय और सर्कुलेटिंग एरिया का जायजा लिया, जबकि गोला गोकर्णनाथ स्टेशन पर प्लेटफार्म, खानपान स्टॉल, पेयजल और प्रतीक्षालय की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। मैलानी जंक्शन पर बुकिंग कार्यालय, क्रू लॉबी, गार्ड रनिंग रूम, प्लेटफार्म, फुट ओवरब्रिज, वाशिंग पिट और सीक लाइन सहित विभिन्न व्यवस्थाओं को देखा। उन्होंने अधिकारियों को यात्री सुविधाओं में निरंतर सुधार और स्वच्छता के उच्च मानक बनाए रखने के निर्देश दिए।
निरीक्षण कार्यक्रम का एक महत्वपूर्ण पड़ाव पूर्वोत्तर रेलवे भारत स्काउट्स एवं गाइड्स के जिला प्रशिक्षण केंद्र, मैलानी का नवीनीकृत भवन रहा। डीआरएम गौरव अग्रवाल की गरिमामयी उपस्थिति में दीप प्रज्वलन के साथ भवन का उद्घाटन किया गया। स्काउट रिया एवं उत्तम ने फीता काटकर तथा उद्घाटन पट्टिका का अनावरण कर नवनिर्मित स्वरूप को समर्पित किया।
इस अवसर पर डीआरएम ने कहा कि स्काउटिंग एवं गाइडिंग बच्चों में अनुशासन, सेवा, सहयोग, राष्ट्रप्रेम और नेतृत्व क्षमता का विकास करने का सशक्त माध्यम है। प्रशिक्षण केंद्र बच्चों को अपनी प्रतिभा निखारने और नए कौशल सीखने के लिए बेहतर अवसर उपलब्ध कराएगा। उन्होंने इन गतिविधियों को प्रोत्साहित करने के लिए मंडल प्रशासन की प्रतिबद्धता भी व्यक्त की।
निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी राजेश कुमार गुप्ता, वरिष्ठ मंडल इंजीनियर द्वितीय अश्विनी कुमार तिवारी, मंडल दूर एवं संचार इंजीनियर मो. आमिर सहित अनेक अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।