बांदा। जनपद के नन्हे क्रिकेट सितारों को अपनी प्रतिभा दिखाने का बड़ा अवसर मिलने जा रहा है। युवा खिलाड़ियों को बेहतर मंच उपलब्ध कराने के उद्देश्य से बांदा प्रीमियर लीग जूनियर अंडर-14 क्रिकेट टूर्नामेंट का आयोजन दिसंबर 2026 में पुलिस लाइन ग्राउंड बांदा में किया जाएगा। प्रतियोगिता में जिले की आठ टीमें हिस्सा लेंगी। इसके लिए खिलाड़ियों के चयन की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।
आयोजन समिति के मीडिया प्रभारी सुनील सक्सेना ने बताया कि टूर्नामेंट में शामिल होने वाले खिलाड़ियों के चयन के लिए 22 नवंबर को स्थानीय हार्पर क्लब, संकट मोचन मंदिर बांदा में ट्रायल आयोजित किया जाएगा। खिलाड़ियों को सुबह आठ बजे रिपोर्ट करना होगा। ट्रायल में चयनित खिलाड़ियों को प्रतियोगिता में अपनी प्रतिभा और खेल कौशल दिखाने का अवसर मिलेगा।
आठ टीमों के बीच होगा रोमांचक मुकाबला
प्रतियोगिता में सैंड डायमंड्स, कालिंजर वारियर्स, रनगढ़ यॉर्कर, नवाब टैंक वेव्स, बॉम्बेस्वर ट्रैकर, केन रोवर्स, कर्वी गोल्डन ईगल और शजर किंग सहित कुल आठ टीमें मैदान में उतरेंगी। इन टीमों के बीच क्रिकेट का रोमांचक मुकाबला देखने को मिलेगा।
21 नवंबर तक करा सकेंगे पंजीकरण
आयोजन समिति के अनुसार खिलाड़ियों के पंजीकरण की अंतिम तिथि 21 नवंबर निर्धारित की गई है। इसके अगले दिन यानी 22 नवंबर को सुबह आठ बजे से खिलाड़ियों का ट्रायल होगा। मुख्य प्रतियोगिता दिसंबर 2026 में पुलिस लाइन ग्राउंड पर आयोजित की जाएगी।
स्थानीय प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने की पहल
आयोजन समिति में शुभम सिंह, सलमान हाशमी, स्कंध भारद्वाज, विप्रांश यादव सहित अन्य सदस्य सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। क्रिकेट प्रशिक्षण के क्षेत्र में सलमान हाशमी लंबे समय से बच्चों को क्रिकेट की बारीकियां सिखाकर उनकी प्रतिभा निखार रहे हैं।
समिति का उद्देश्य जिले की छिपी हुई क्रिकेट प्रतिभाओं को पहचानकर उन्हें प्रशिक्षण, प्रतिस्पर्धा और आगे बढ़ने के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है। आयोजन समिति ने जनपद के युवा क्रिकेट खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों से अधिक से अधिक संख्या में जुड़ने की अपील की है।