गोंडा : इटियाथोक थाना क्षेत्र के सरहसिया गांव में जमीन के विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच मारपीट हो गई। घटना 19 नवंबर 2026 की शाम करीब सात बजे की बताई जा रही है। आरोप है कि विवाद के दौरान एक पक्ष के लोगों ने लाठी-डंडों और कुल्हाड़ी से हमला कर दिया, जिसमें महिला समेत चार लोग घायल हो गए। सभी घायलों को पहले इटियाथोक प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से हालत को देखते हुए गोंडा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
लंबे समय से चल रहा था जमीन को लेकर विवाद
घायल रामप्यारी के मुताबिक, दोनों पक्षों के बीच जमीन को लेकर काफी समय से विवाद चल रहा था। उनका आरोप है कि दूसरे पक्ष के लोग पहले भी मारपीट और गाली-गलौज की धमकी देते रहे थे।

रामप्यारी ने बताया कि 19 नवंबर को विवाद ने तूल पकड़ लिया। कहासुनी और गाली-गलौज के बाद लाठी-डंडों और कुल्हाड़ी से हमला किया गया। इस दौरान परिवार के कई लोग घायल हो गए।
महिला के सिर में गंभीर चोट, मेडिकल कॉलेज रेफर
घटना में रामप्यारी, उनके पति चेतराम पुत्र खुशीराम और उनके नाती राजू समेत चार लोगों के घायल होने की जानकारी दी गई है। घायलों को एंबुलेंस की मदद से इटियाथोक प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद सभी को बेहतर इलाज के लिए गोंडा मेडिकल कॉलेज भेज दिया गया।
खुशीराम के अनुसार, उनकी मां रामप्यारी के सिर में गंभीर चोट आई है। उन्होंने दावा किया कि घटना से संबंधित चोटों के फोटो और वीडियो भी उनके पास मौजूद हैं।

थाने में दी शिकायत, FIR दर्ज कराने की मांग
घटना के बाद खुशीराम इटियाथोक थाने पहुंचे और पुलिस को शिकायत देकर मुकदमा दर्ज करने की मांग की। हालांकि, खबर लिखे जाने तक मामले में एफआईआर दर्ज होने की जानकारी सामने नहीं आई थी।
इटियाथोक थाना प्रभारी राजेश तिवारी ने बताया कि उन्हें घटना की जानकारी 20 नवंबर को मिली थी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में व्यस्तता के चलते 20 और 21 नवंबर को मामले की जांच नहीं हो सकी। उनके मुताबिक, 22 नवंबर को जांच के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल, मामले में घायलों और शिकायतकर्ता की ओर से लगाए गए आरोपों की पुलिस जांच की जानी बाकी है। दूसरे पक्ष का बयान और पुलिस की आगे की कार्रवाई सामने आने के बाद ही घटना की पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।