बांदा : जसपुरा थाना क्षेत्र के आवारा गांव के मजरा कुटी डेरा में शनिवार को आग में जलने से 65 वर्षीय वृद्ध की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि वृद्ध ने बाहर से पेट्रोल लाकर अपने गद्दे पर डाला और उसमें आग लगा ली। इसके बाद वह उसी गद्दे में लिपट गया। आग की चपेट में आने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल घटना की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है।

प्रधानमंत्री आवास में अकेले रहता था वृद्ध

कुटी डेरा निवासी शिवकरन निषाद पुत्र स्वर्गीय बाबादीन निषाद अपने प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बने मकान में अकेले रहता था। वह दिन और रात इसी मकान में गुजारता था, जबकि भोजन करने के लिए करीब एक किलोमीटर दूर स्थित अपने पुराने घर रामलाल का डेरा जाता था। पुराने घर में उसकी पत्नी और बहू रहती थीं।

मृतक के भाई जयकरण निषाद ने बताया कि शिवकरन तीन भाइयों में दूसरे नंबर पर था। उसके परिवार में तीन बेटियां और दो बेटे हैं। वह तीन बेटियों और एक बेटे की शादी कर चुका था। उसके दोनों बेटे गुजरात के सूरत में मजदूरी करते हैं। घटना की जानकारी मिलने के बाद दोनों घर लौट रहे हैं।

बेटियों की शादी के लिए लिया था कर्ज, चार बीघा जमीन रखी थी गिरवी

परिजनों के मुताबिक, बेटियों की शादी में हुए खर्च के चलते शिवकरन पर कर्ज हो गया था। उसके नाम करीब चार बीघा जमीन थी, जिसे उसने तीन लाख रुपये में गिरवी रख दिया था। खेती गिरवी रखने और कर्ज के कारण वह तनाव में रहता था।

हालांकि, घटना के पीछे कर्ज और आर्थिक परेशानी ही वजह थी या कोई अन्य कारण, इसकी अभी पुष्टि नहीं हुई है। वृद्ध की मौत से पत्नी गोदिया का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार में मातम पसरा हुआ है।

जांच में जुटी पुलिस, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

थाना प्रभारी सीपी तिवारी ने बताया कि घटना का कारण अभी स्पष्ट नहीं है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।