गोंडा। जयप्रभा ग्राम में आयोजित श्रीराम कथा महोत्सव में शामिल होने के लिए मंगलवार दोपहर करीब दो बजे पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री हेलीकॉप्टर से पहुंचे। उनके आगमन पर महंत आलोक दास महाराज ने जोरदार स्वागत किया। इसके बाद पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री श्रीराम कथा मंच पर पहुंचे और अपने संबोधन में संतों के सम्मान, सनातन धर्म की एकजुटता और हिंदू समाज की एकता पर जोर दिया।
मंच से संबोधित करते हुए धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने कहा कि संतों का भी दबदबा और रुतबा होता है। उन्होंने हेलीकॉप्टर से उतरने के अनुभव का जिक्र करते हुए कहा कि गोंडा में जिस तरह का भव्य आयोजन और स्वागत देखने को मिला, उससे उनका हृदय आनंद से भर गया। उन्होंने कहा कि सनातन भी अद्भुत है, उसका भी जलवा और दबदबा है। साधु-संत भी किसी से कम नहीं हैं।
उन्होंने कहा कि हमारा सनातन जाग रहा है और सनातनी लगातार नई ऊंचाइयां हासिल कर रहा है। जो लोग पहले संतों को केवल मांगने वाला समझते थे, आज वही संत देने वाले दाता भी बन गए हैं। इस दौरान उन्होंने महंत आलोक दास महाराज के सम्मान में श्रद्धालुओं से जोरदार तालियां बजाने की अपील की।

अपने संबोधन में उन्होंने जात-पात से ऊपर उठकर हिंदू समाज की एकजुटता का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि सभी को एकजुट होकर सनातन की मजबूती के लिए आगे आना चाहिए। उन्होंने श्रद्धालुओं से पूछा कि हिंदू और सनातन का एक होना जरूरी है या नहीं। साथ ही कहा कि सनातनी होने का अर्थ है कि जो अभी साथ नहीं हैं, उन्हें भी जोड़कर एकजुट किया जाए।
अखिलेश यादव के विरोध पर दिया बयान
मीडिया से बातचीत के दौरान कथाओं को लेकर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव द्वारा किए जा रहे विरोध के सवाल पर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने कहा कि यह आदिकाल से चला आ रहा है और इसमें कोई नई बात नहीं है। सभी अपना-अपना काम कर रहे हैं और वह अपना काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि विरोध होना स्वाभाविक है।

उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा, “जब भी यज्ञ हुआ करता था, तो राक्षस-दैत्य हड्डियां डाल देते थे, वर्तमान में वो पोस्ट डालते हैं, बस इतना अंतर है।”
उत्तर प्रदेश की धरती को बताया पुण्यमयी
गोंडा में आयोजित कार्यक्रम को लेकर उन्होंने उत्तर प्रदेश की धार्मिक और आध्यात्मिक परंपरा का उल्लेख किया। उन्होंने भगवान श्रीराम के अयोध्या में रामलला के रूप में विराजमान होने और भगवान श्रीकृष्ण की मथुरा-वृंदावन से जुड़ी आस्था का जिक्र किया। उन्होंने संतों, महंतों और विभिन्न मठों के समन्वय को भी महत्वपूर्ण बताया।
कार्यक्रम में श्रद्धालुओं की मौजूदगी के बीच धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने सनातन धर्म के प्रति आस्था, संतों के सम्मान और सामाजिक एकता का संदेश दिया।