गोंडा। जयप्रभा में आयोजित नौ दिवसीय श्रीराम कथा में शुक्रवार दोपहर करीब दो बजे परमार्थ निकेतन, ऋषिकेश के स्वामी चिदानंद सरस्वती मुनि पहुंचे। कार्यक्रम के आयोजक महंत आलोक दास महाराज ने उनका स्वागत किया। इसके बाद स्वामी चिदानंद सरस्वती ने व्यास पीठ की आरती उतारी और कथा मंच से श्रद्धालुओं को संबोधित किया।
अपने संबोधन में उन्होंने सनातन धर्म, युवा पीढ़ी यानी जेन-जी, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मां सावित्री देवी और उत्तर प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर अपने विचार रखे।
‘सनातन बचेगा तो मानवता और भारत सुरक्षित रहेगा’
स्वामी चिदानंद सरस्वती ने कहा कि आज पूरे विश्व को जागृति देने में सनातन दर्शन की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्हें दुनिया के कई देशों में जाने और विभिन्न धर्मों के धर्माचार्यों के साथ बैठने का अवसर मिला है। उन्होंने कहा कि वह सभी धर्मों का सम्मान करते हैं, लेकिन उनका मानना है कि सनातन बचेगा तो मानवता बचेगी और भारत सुरक्षित रहेगा।
उन्होंने सनातन और भारत को एक-दूसरे का पूरक बताते हुए कहा कि इस देश की आत्मा सनातन में बसती है।
AI के दौर में दुनिया को 'सनातन इंटेलिजेंस' की जरूरत
जेन-जी को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि आज समाज में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और सुपर इंटेलिजेंस की चर्चा हो रही है, लेकिन दुनिया को केवल AI नहीं, बल्कि सनातन इंटेलिजेंस की भी जरूरत है। सनातन समाज को सही दिशा देने और लोगों को जोड़ने का संदेश देता है, तोड़ने का नहीं।
उन्होंने कहा कि गूगल पूरे संसार का नक्शा दिखा सकता है, लेकिन किसके नक्शेकदम पर चलना है, यह सनातन के महापुरुष बताते हैं। गूगल रास्ता दिखा सकता है, मगर महापुरुषों के धर्म, शिक्षा और संस्कार जीवन की दिशा बदल सकते हैं। आज जब समाज दिशाहीन हो रहा है, ऐसे में सनातन की आवश्यकता और बढ़ गई है।
सावित्री देवी को बताया नए भगीरथ को जन्म देने वाली मां
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मां सावित्री देवी को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए स्वामी चिदानंद सरस्वती ने उनकी तुलना गंगा से की। उन्होंने कहा कि भगीरथ गंगा को धरती पर लाए थे, लेकिन इस देश की मातृशक्ति ने एक नए भगीरथ को जन्म दिया, जिनका नाम योगी आदित्यनाथ है।

उन्होंने कहा कि गंगा के तट पर जन्म लेकर सावित्री देवी ने अपना जीवन भी गंगा की तरह पवित्र बनाए रखा। गोंडा की धरती पर संत समाज ने स्वामी रामदेव महाराज के नेतृत्व में जिस तरह एक मां को श्रद्धांजलि दी, वह बेहद दिव्य और सुंदर है।
इस दौरान उन्होंने सत्यवान-सावित्री की कथा का उल्लेख करते हुए कहा कि एक सावित्री ने यमराज से अपने पति सत्यवान को वापस लिया था, जबकि दूसरी सावित्री ने योगी आदित्यनाथ जैसे महापुरुष को जन्म दिया, जिन्होंने सनातन को गौरव दिलाया।
अतीक-मुख्तार का नाम लेकर योगी सरकार की तारीफ
अपने संबोधन में स्वामी चिदानंद सरस्वती ने अतीक अहमद और मुख्तार अंसारी का नाम लेते हुए योगी सरकार की कानून-व्यवस्था की तारीफ की। उन्होंने कहा कि इसी प्रदेश में अतीक जैसे लोगों को अतीत बना दिया गया और मुख्तार जैसे लोगों को पलीता लगा दिया गया।
उन्होंने कहा कि योगी आदित्यनाथ की सरकार में उत्तर प्रदेश दंगा-मुक्त और उत्तम प्रदेश बना है। उनके मुताबिक, जमीन से लेकर आसमान तक प्रदेश ने कई कीर्तिमान स्थापित किए हैं। दुनिया में लोग कहते हैं कि योगी हैं तो चिंता की बात नहीं है।
राष्ट्र और राम के लिए समर्पित लोगों को चुनने की अपील
संबोधन के अंत में स्वामी चिदानंद सरस्वती ने लोगों से ऐसे लोगों को चुनने की अपील की, जो राष्ट्र और राम के लिए समर्पित हों और देश के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने का भाव रखते हों।
उन्होंने संत समाज की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए लोगों से जागरूक रहने और समाज को जागृत करने का आह्वान किया। अंत में उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मां सावित्री देवी को नमन करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की।