गोण्डा। जिले के जयप्रभा गांव स्थित भारत रत्न राष्ट्रऋषि नानाजी देशमुख के आश्रम में आयोजित श्रीराम कथा महोत्सव को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज हो गई हैं। चित्रकूट बालाजी ट्रस्ट के अध्यक्ष आलोक दास महाराज के संयोजन में आयोजित इस धार्मिक कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के 20 नवंबर और मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के 22 नवंबर को शामिल होने की संभावना जताई जा रही है।

दो राज्यों के मुख्यमंत्रियों के संभावित आगमन को देखते हुए पुलिस और प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है। इसी क्रम में पुलिस उपमहानिरीक्षक देवीपाटन परिक्षेत्र अशोक कुमार, मंडलायुक्त दुर्गा शक्ति नागपाल, जिलाधिकारी रमेश रंजन और पुलिस अधीक्षक अभिषेक झा ने कार्यक्रम स्थल का स्थलीय निरीक्षण किया।

सुरक्षा व्यवस्था और रूट डायवर्जन की तैयारियों का निरीक्षण

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने कार्यक्रम स्थल, सुरक्षा व्यवस्था, आवागमन के मार्गों और रूट डायवर्जन की तैयारियों का जायजा लिया। संबंधित अधिकारियों को संभावित वीआईपी आगमन को देखते हुए सुरक्षा के सभी आवश्यक इंतजाम समय से पूरा करने और व्यवस्थाओं में किसी प्रकार की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए गए।

प्रशासन की ओर से कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा, यातायात प्रबंधन और श्रद्धालुओं की आवाजाही को सुचारु बनाए रखने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

25 नवंबर तक चलेगी श्रीराम कथा

जयप्रभा गांव में आयोजित नौ दिवसीय श्रीराम कथा महोत्सव में कथावाचक राजन जी महाराज श्रद्धालुओं को कथा का रसपान करा रहे हैं। कथा का आयोजन 25 नवंबर तक प्रस्तावित है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के संभावित आगमन को लेकर आयोजन स्थल पर विशेष तैयारियां की जा रही हैं।

धार्मिक आयोजन में कई अन्य विशिष्ट हस्तियों के भी शामिल होने की उम्मीद है। फिलहाल दोनों मुख्यमंत्रियों के प्रस्तावित दौरे को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज हैं और सुरक्षा व्यवस्था को अंतिम रूप दिया जा रहा है।