गोंडा। प्रभु श्रीराम की भक्ति और आस्था से सराबोर होने जा रही कटरा बाजार की पावन धरा पर आगामी 04, 05 एवं 06 दिसंबर को आयोजित होने वाले भव्य श्रीराम कथा अमृत महोत्सव एवं दिव्य दरबार की तैयारियों को लेकर रविवार, 22 नवंबर 2026 को आयोजन स्थल का निरीक्षण किया गया।

इस दौरान कटरा बाजार विधानसभा क्षेत्र के लोकप्रिय विधायक श्री बावन सिंह जी के नेतृत्व में तैयारियों का जायजा लिया गया। निरीक्षण के दौरान कर्नलगंज विधानसभा क्षेत्र के विधायक श्री अजय सिंह जी तथा हलधरमऊ ब्लॉक प्रतिनिधि वैभव सिंह (मोनू) भी मौजूद रहे। सभी ने आयोजन की व्यवस्थाओं एवं तैयारियों का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इस त्रिदिवसीय भव्य आध्यात्मिक आयोजन में बागेश्वर धाम पीठाधीश्वर पूज्य पंडित श्री धीरेन्द्र कृष्ण शास्त्री जी के श्रीमुख से श्रीराम कथा की अमृतमयी रसधारा प्रवाहित होगी। कथा के माध्यम से श्रद्धालुओं को प्रभु श्रीराम के आदर्शों, भक्ति, संस्कारों एवं आध्यात्मिक चेतना से जुड़ने का पावन अवसर प्राप्त होगा।

आयोजन को लेकर क्षेत्र में श्रद्धालुओं के बीच विशेष उत्साह और उमंग का माहौल है। निश्चित रूप से यह भव्य श्रीराम कथा अमृत महोत्सव कटरा बाजार सहित पूरे जनपद गोंडा के लिए आस्था, श्रद्धा और आध्यात्मिक उल्लास का ऐतिहासिक अवसर साबित होगा।