गोंडा। मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए फॉर्म-6 के माध्यम से एक ही व्यक्ति द्वारा बार-बार आवेदन किए जाने से होने वाली दोहरी और त्रुटिपूर्ण प्रविष्टियों को रोकने के लिए निर्वाचन विभाग ने पहल की है। इसी क्रम में मंगलवार को जिला पंचायत सभागार में जनपद के सभी जनसेवा केंद्र संचालकों को विशेष प्रशिक्षण दिया गया। इसमें फॉर्म-6 भरने की निर्धारित प्रक्रिया, आवेदन का सफलतापूर्वक सबमिशन और उसकी स्थिति की जानकारी प्राप्त करने के तरीके बताए गए।

निर्वाचन संबंधी प्रशिक्षण ई-डिस्ट्रिक्ट मैनेजर अमित कुमार गुप्ता ने दिया। उन्होंने जनसेवा केंद्र संचालकों को निर्देशित किया कि फॉर्म-6 भरते समय निर्धारित मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) का अनिवार्य रूप से पालन करें। आवेदन में आवेदक का वास्तविक और सक्रिय मोबाइल नंबर दर्ज किया जाए तथा आधार ई-साइन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद आवेदन का अंतिम सबमिशन अवश्य सुनिश्चित किया जाए।

उन्होंने आवेदन जमा होने के बाद प्राप्त रेफरेंस नंबर को सुरक्षित रखने और उसकी जानकारी आवेदक को उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया।

एसएमएस नहीं आने पर आवेदन को असफल न मानें

प्रशिक्षण में बताया गया कि केवल एसएमएस प्राप्त नहीं होने की स्थिति में आवेदन को असफल नहीं माना जाना चाहिए। यदि आवेदन सफलतापूर्वक जमा हो गया है तो स्क्रीन पर प्रदर्शित रेफरेंस नंबर का स्क्रीनशॉट या विवरण आवेदक को जरूर उपलब्ध कराया जाए। इससे एक ही व्यक्ति द्वारा दोबारा फॉर्म-6 भरने की स्थिति से बचा जा सकेगा।

संचालकों को आवेदन में सही नाम, पूरा डाक पता और पिन कोड दर्ज करने के निर्देश दिए गए। साथ ही अंतिम सबमिशन से पहले आवेदक से सभी विवरणों का सत्यापन कराने को कहा गया। आवेदन से जुड़ी किसी भी समस्या या उसकी स्थिति की जानकारी के लिए मतदाता हेल्पलाइन नंबर 1950 और निर्वाचन आयोग की वेबसाइट voters.eci.gov.in का उपयोग करने की जानकारी भी दी गई।

स्वगणना प्रक्रिया का भी दिया गया प्रशिक्षण

कार्यक्रम में जनगणना के अंतर्गत स्वगणना (सेल्फ एन्यूमरेशन) की प्रक्रिया के बारे में भी जानकारी दी गई। इस विषय पर विनीत मिश्रा, जनगणना संबंधी अधिकारी और राकेश शुक्ला, मास्टर ट्रेनर ने जनसेवा केंद्र संचालकों को प्रशिक्षित किया।

इस अवसर पर सचिन कुमार, उपजिलाधिकारी, मोहम्मद जमा, नायब तहसीलदार, ई-डिस्ट्रिक्ट मैनेजर तथा डिस्ट्रिक्ट मैनेजर सीएससी और डिस्ट्रिक्ट मैनेजर आईपीसीएल सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे। प्रशिक्षण कार्यक्रम में दोनों संस्थाओं से सैकड़ों की संख्या में जनसेवा केंद्र संचालकों ने प्रतिभाग किया।

प्रशासन के अनुसार, प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य मतदाता सूची में दोहरी प्रविष्टियों पर प्रभावी रोक लगाना, आवेदन प्रक्रिया को त्रुटिरहित बनाना और शुद्ध एवं अद्यतन मतदाता नामावली तैयार करने में जनसेवा केंद्र संचालकों की भूमिका को प्रभावी बनाना है। इसके साथ ही जनगणना की स्वगणना प्रक्रिया के प्रति जागरूकता बढ़ाना भी कार्यक्रम का उद्देश्य रहा।