बाराबंकी। संविधान दिवस के अवसर पर प्रदेश सरकार की डॉ. बीआर आंबेडकर मूर्ति विकास योजना के तहत गुरुवार को जनपद बाराबंकी में व्यापक स्तर पर कार्यक्रम आयोजित किए गए। जिले के सभी छह विधानसभा क्षेत्रों में चयनित 60 स्थलों पर बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमाओं के नवीनीकरण, परिसर के सौंदर्यीकरण और अन्य विकास कार्यों का जनप्रतिनिधियों ने विधिवत शिलान्यास एवं पूजन किया।
इस दौरान लखनऊ स्थित लोक भवन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मौजूदगी में आयोजित मुख्य कार्यक्रम का सभी चयनित स्थलों पर सजीव प्रसारण किया गया। जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और स्थानीय नागरिकों ने मुख्यमंत्री का संबोधन सुना तथा संविधान में निहित समानता, स्वतंत्रता, न्याय और बंधुत्व के मूल्यों को आत्मसात करने का संकल्प लिया।
छह विधानसभा क्षेत्रों में 60 स्थलों पर आयोजन

विधानसभा दरियाबाद के बनीकोडर विकास खंड की ग्राम पंचायत रामपुर में राज्यमंत्री खाद्य एवं रसद सतीश चन्द्र शर्मा ने प्रतिमा स्थल के विकास कार्यों का शिलान्यास एवं पूजन किया। उन्होंने कहा कि बाबा साहेब ने शिक्षा, समानता, सामाजिक न्याय और संवैधानिक अधिकारों के माध्यम से समतामूलक समाज की स्थापना का मार्ग प्रशस्त किया। प्रदेश सरकार उनके विचारों और आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। योजना के तहत प्रतिमा स्थलों का नवीनीकरण और सौंदर्यीकरण कर उन्हें सम्मानजनक स्वरूप दिया जा रहा है।
विभिन्न क्षेत्रों में जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में कार्यक्रम
बाराबंकी विधानसभा के बंकी ब्लॉक स्थित ग्राम पंचायत असेनी में जिला पंचायत अध्यक्ष राजरानी रावत, कुर्सी विधानसभा के फतेहपुर ब्लॉक स्थित गौरा बनियानी में विधायक साकेन्द्र प्रताप वर्मा तथा रामनगर विधानसभा के ग्राम तेलियानी में विधान परिषद सदस्य अंगद कुमार सिंह की उपस्थिति में शिलान्यास एवं पूजन किया गया।

इसी क्रम में हैदरगढ़ विधानसभा के सिद्धौर ब्लॉक की ग्राम पंचायत लाखुपुर में विधायक दिनेश रावत और जैदपुर विधानसभा के हरख ब्लॉक की ग्राम पंचायत अजपुरा में ब्लॉक प्रमुख रवि रावत ने शिलान्यास एवं पूजन किया।
सामाजिक समरसता और समानता को मजबूत करने का उद्देश्य
योजना का उद्देश्य बाबा साहेब के जीवन, संघर्ष और विचारों को भावी पीढ़ियों तक पहुंचाने के साथ सामाजिक समरसता, समानता और न्याय की भावना को मजबूत करना है। कार्यक्रमों में जिला समाज कल्याण अधिकारी नीलम सिंह, संबंधित खंड विकास अधिकारी, विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधि और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।