गोंडा। मां पाटेश्वरी विश्वविद्यालय के प्रथम शिक्षक संघ चुनाव को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में श्री लाल बहादुर शास्त्री डिग्री कॉलेज के ललिता सभागार में विश्वविद्यालय से संबद्ध विभिन्न महाविद्यालयों के शिक्षकों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में शिक्षक संघ के चुनाव की तैयारियों, चुनाव प्रक्रिया, संगठन की भूमिका और शिक्षकों की सक्रिय सहभागिता जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।
शिक्षक संगठन को मजबूत बनाने पर हुई चर्चा
बैठक में फुफुक्टा महामंत्री प्रो. प्रदीप सिंह, कोषाध्यक्ष प्रो. उदल यादव, आक्टा अध्यक्ष डॉ. जन्मेजय तिवारी, महामंत्री प्रो. अमूल्य सिंह, सुआक्टा अध्यक्ष प्रो. शशिकांत राव और महामंत्री डॉ. त्रिलोकी नाथ ने अपने विचार रखे।
इसके अलावा एमएलके पीजी कॉलेज बलरामपुर शिक्षक संघ के अध्यक्ष प्रो. प्रकाश चंद गिरी, महामंत्री डॉ. शिव महेंद्र सिंह, किसान डिग्री कॉलेज बहराइच शिक्षक संघ के अध्यक्ष डॉ. कृष्ण कुमार सिंह और महामंत्री डॉ. सीडी सिंह भी बैठक में शामिल रहे।
शिक्षक हितों और पारदर्शी चुनाव प्रक्रिया पर जोर
श्री लाल बहादुर शास्त्री डिग्री कॉलेज शिक्षक संघ के अध्यक्ष डॉ. पवन कुमार सिंह, उपाध्यक्ष डॉ. संतोष कुमार श्रीवास्तव एवं महामंत्री अवधेश कुमार वर्मा ने भी शिक्षक संगठन को अधिक सशक्त, सक्रिय और प्रभावी बनाने पर अपने विचार रखे।
बैठक में शिक्षक हितों से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता देने तथा चुनाव प्रक्रिया में लोकतांत्रिक मूल्यों और पारदर्शिता बनाए रखने पर विशेष बल दिया गया। वक्ताओं ने संगठन की मजबूती के लिए शिक्षकों की सक्रिय भागीदारी को आवश्यक बताया।
प्रभारी प्राचार्य ने किया शिक्षकों का स्वागत
श्री लाल बहादुर शास्त्री डिग्री कॉलेज के प्रभारी प्राचार्य प्रोफेसर जितेंद्र सिंह ने मां पाटेश्वरी विश्वविद्यालय से संबद्ध विभिन्न महाविद्यालयों से आए शिक्षकों का स्वागत किया। उन्होंने निष्पक्ष एवं पारदर्शी चुनाव कराए जाने की पेशकश भी की।