करनैलगंज, गोण्डा। करनैलगंज विधानसभा क्षेत्र से भाजपा में टिकट के संभावित दावेदार दिग्विजय सिंह पसका ने सोमवार को परसपुर विकासखंड के मोहना स्थित वृद्धाश्रम पहुंचकर बुजुर्गों के बीच समय बिताया। इस दौरान उन्होंने वृद्धजनों के साथ बैठकर भोजन किया और ठंड से बचाव के लिए गर्म कपड़ों सहित दैनिक उपयोग की आवश्यक सामग्री भेंट कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।
दिग्विजय सिंह ने वृद्धाश्रम में रह रहे बुजुर्गों को शॉल, टोपी, मोजे, रजाई, गद्दा, तकिया, चादर सहित अन्य जरूरी वस्तुएं प्रदान कीं। उन्होंने बुजुर्गों की कुशलक्षेम पूछी और उनके साथ आत्मीयता से बातचीत कर उनका हालचाल जाना।

इस सेवा कार्यक्रम के लिए दिग्विजय सिंह ने सुबह से ही भोजन तैयार कराने की व्यवस्था की थी। भोजन तैयार होने के बाद उन्होंने किसी औपचारिकता के बजाय बुजुर्गों के बीच बैठकर उनके साथ भोजन किया। इस दौरान वृद्धजनों के बीच अपनत्व और आत्मीयता का माहौल देखने को मिला।
दिग्विजय सिंह ने कहा कि सर्दी का मौसम बुजुर्गों के लिए विशेष रूप से चुनौतीपूर्ण होता है। ऐसे में उनकी देखभाल करना और जरूरत के समय मदद के लिए आगे आना हम सभी की सामाजिक जिम्मेदारी है। प्रत्येक व्यक्ति को अपनी सामर्थ्य के अनुसार जरूरतमंदों की सेवा करनी चाहिए।

वृद्धाश्रम में दिग्विजय सिंह की इस पहल को लेकर क्षेत्र में चर्चा हो रही है। बुजुर्गों के साथ समय बिताने, उन्हें आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराने और उनके साथ बैठकर भोजन करने के इस सेवा कार्य को लोगों द्वारा सराहा जा रहा है।
दिग्विजय सिंह पसका की इस पहल ने एक बार फिर बुजुर्गों के सम्मान, सेवा और सामाजिक जिम्मेदारी के महत्व को सामने रखा है।