गोण्डा। जिले के विकासखंड रूपईडीह में आर्यनगर से महाराजगंज जाने वाले मुख्य मार्ग पर गोकर्णनाथ शिवाला से भवनियापुर के बीच सड़क धंसने से दुर्घटना की आशंका बनी हुई है। सड़क के किनारे तालाब होने और पुल के पास करीब चार फीट मिट्टी न होने से यहां गहरा गड्ढा बन गया है। ऐसे में राहगीरों और वाहन चालकों के लिए यह मार्ग जोखिम भरा हो गया है।

ग्रामीण पवन कुमार, काली प्रसाद और आनंद प्रकाश समेत कई लोगों ने बताया कि सड़क की बदहाल स्थिति को लेकर संबंधित विभाग से कई बार शिकायत की जा चुकी है, लेकिन अब तक मरम्मत नहीं कराई गई। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क की समय रहते मरम्मत नहीं हुई तो कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।

रामकथा में वीआईपी आवागमन, फिर भी सड़क की हालत जस की तस

गौरतलब है कि इन दिनों गोंडा के महाराजगंज स्थित जयप्रभा ग्राम में भव्य श्रीराम कथा का आयोजन चल रहा है। कार्यक्रम में शामिल होने के लिए नेताओं, अधिकारियों और अन्य विशिष्ट लोगों का इसी मार्ग से लगातार आवागमन हो रहा है। इसके बावजूद सड़क की बदहाल स्थिति में सुधार नहीं होने से ग्रामीणों में नाराजगी है। उनका कहना है कि बार-बार शिकायत के बाद भी समस्या का समाधान नहीं हुआ।

निरीक्षण के बाद जल्द मरम्मत का आश्वासन

इस संबंध में लोक निर्माण विभाग के अवर अभियंता उपेंद्र सिंह ने बताया कि संबंधित स्थान का निरीक्षण करवाकर जल्द ही सड़क की मरम्मत कराई जाएगी।