बाराबंकी। विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान-2027 के तहत मतदाता सूची को अद्यतन करने में उत्कृष्ट कार्य करने वाले जनपद के 35 बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) को जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह ने प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। इन बीएलओ ने नए पात्र मतदाताओं के नाम सूची में शामिल कराने और फॉर्म-6 की ऑनलाइन फीडिंग में सराहनीय प्रदर्शन किया है।
सम्मानित होने वाले बीएलओ में विधानसभा क्षेत्र 266-कुर्सी के छह, 268-बाराबंकी के पांच, 269-जैदपुर (अजा) के 16 तथा 272-हैदरगढ़ (अजा) के आठ बीएलओ शामिल हैं। इन सभी ने अपने-अपने बूथों पर सबसे पहले 50-50 फॉर्म-6 भरवाकर पात्र नए मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में शामिल कराने के साथ ही ऑनलाइन फीडिंग का कार्य भी पूरा किया।

इस अवसर पर जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह ने बीएलओ के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान में बीएलओ की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। मतदाता सूची को शुद्ध और अद्यतन बनाने की जिम्मेदारी उनके कंधों पर है। उन्होंने निर्देश दिया कि सभी बीएलओ पूरी निष्ठा और तत्परता के साथ कार्य करें तथा पात्र युवाओं और अब तक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से छूटे नागरिकों के नाम शामिल कराना सुनिश्चित करें।
डीएम ने अन्य बीएलओ को भी सम्मानित कर्मचारियों से प्रेरणा लेकर बेहतर कार्य करने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने कहा कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित नहीं रहना चाहिए। इस दौरान उप जिला निर्वाचन अधिकारी निरंकार सिंह सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।