गोण्डा। कर्नलगंज कोतवाली क्षेत्र में गोंडा-लखनऊ राजमार्ग स्थित मौर्यनगर चौराहे के पास तेज रफ्तार कार की टक्कर से बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे में युवक के दोनों पैरों की हड्डियां टूट गईं, जबकि सिर में भी गंभीर चोट आई है। घायल को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कर्नलगंज ले जाया गया, जहां से उसे जिला अस्पताल गोंडा रेफर कर दिया गया। फिलहाल उसका इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है।
पीछे से मारी जोरदार टक्कर
कर्नलगंज कस्बे के मोहल्ला बजरंगनगर नचनी निवासी सहजराम पुत्र बसंतलाल ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि उनका पुत्र उमाशंकर मौर्य 25 नवंबर की रात करीब साढ़े दस बजे मोटरसाइकिल से कर्नलगंज बस स्टॉप से मौर्यनगर की तरफ जा रहा था। मौर्यनगर चौराहे के पास पहुंचने से पहले पीछे से आ रही कार संख्या UP32RP1832 ने उसकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।
तहरीर के मुताबिक, टक्कर इतनी तेज थी कि उमाशंकर उछलकर कार के शीशे और बोनट पर जा गिरा तथा कुछ दूर आगे जाकर सड़क पर गिर पड़ा। हादसे में उसके सिर और बाएं पैर में गंभीर चोटें आईं। घायल ने किसी तरह परिजनों को घटना की सूचना दी।
दोनों पैर की हड्डियां टूटीं, सिर में लगे कई टांके
घटना की सूचना मिलने पर परिजन और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक कार चालक वाहन छोड़कर फरार हो चुका था। घायल को एंबुलेंस से सीएचसी कर्नलगंज पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसे जिला अस्पताल गोंडा रेफर कर दिया।
जिला अस्पताल में जांच के दौरान डॉक्टरों ने घायल के बाएं पैर की दोनों हड्डियां टूटने की पुष्टि की। सिर में भी गंभीर चोट होने के कारण कई टांके लगाए गए हैं। परिजनों के मुताबिक, गंभीर चोटों के चलते जल्द ऑपरेशन की आवश्यकता बताई गई है। घायल का इलाज जिला अस्पताल में जारी है।
कार कब्जे में, फरार चालक की तलाश
बताया जा रहा है कि हादसे के समय कार चालक नशे में था। हालांकि, इस संबंध में पुलिस की आधिकारिक पुष्टि सामने नहीं आई है। घटना के बाद कर्नलगंज कस्बा चौकी पुलिस ने दुर्घटना में शामिल कार को कब्जे में लेकर चौकी में खड़ा करा दिया है और फरार चालक की तलाश कर रही है।
घायल के पिता सहजराम ने प्रभारी निरीक्षक कोतवाली कर्नलगंज से मामले में प्रथम सूचना रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी चालक के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की मांग की है।