बाराबंकी। संविधान दिवस के अवसर पर बुधवार को युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार की इकाई ‘मेरा युवा भारत, बाराबंकी’ के तत्वावधान में स्थानीय टीआरसी लॉ कॉलेज में ‘विकसित भारत युवा संवाद- संविधान दिवस विशेष’ कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पद्मश्री सम्मान से अलंकृत जनपद के गौरव रामशरण वर्मा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने युवाओं को अपने संघर्ष और उपलब्धियों से प्रेरणा लेने का संदेश दिया।

कार्यक्रम में जिला युवा अधिकारी रश्मि शबनम गुप्ता ने भारतीय संविधान की महत्ता, लोकतांत्रिक मूल्यों, मौलिक अधिकारों एवं नागरिक कर्तव्यों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि विकसित भारत @2047 के संकल्प को पूरा करने में युवाओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। युवाओं को संविधान की मूल भावना को समझते हुए राष्ट्र निर्माण में सक्रिय योगदान देना चाहिए।

मुख्य अतिथि रामशरण वर्मा ने अपने जीवन के संघर्षों और कृषि क्षेत्र में हासिल की गई उपलब्धियों के अनुभव साझा किए। उन्होंने युवाओं को मेहनत, लगन और दृढ़ इच्छाशक्ति के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उनके अनुभवों को सुनकर छात्र-छात्राओं में विशेष उत्साह देखने को मिला।